Free Shipping in India For Orders Valued More Than Rs. 1000/- Sign Up Now! Get 5% OFF
देवउठनी एकादशी 2026: तिथि, पारण समय, पूजा विधि और महत्व | Dev
devuthni-ekadashi-2026-kab-hai

देवउठनी एकादशी 2026: तिथि, पारण समय, पूजा विधि और महत्व

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी मनाई जाती है, जिसे देव प्रबोधिनी या देवोत्थान एकादशी भी कहते हैं। यह साल की सबसे पावन एकादशियों में से एक है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और चातुर्मास समाप्त होता है। शास्त्रों में देवोत्थान एकादशी को पापों का नाश करने वाली, पुण्य बढ़ाने वाली और मोक्ष प्रदान करने वाली बताया गया है।

इस साल देवउठनी एकादशी कब है, व्रत का पारण कब करें और इस दिन पूजा कैसे करें? सारी जानकारी के लिए यह लेख अंत तक ज़रूर पढ़ें।

 

देवउठनी एकादशी का महत्त्व ?

devuthni-ekadashi-date-hindi

आषाढ़ मास (जून-जुलाई) की देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु क्षीर सागर में चार महीने की योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इस दौरान सृष्टि के पालन का भार अन्य देवताओं को सौंप दिया जाता है। चूंकि योगनिद्रा में होने के कारण श्री हरि का प्रत्यक्ष आशीर्वाद नहीं मिल पाता, इसलिए इन चार महीनों में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन जैसे शुभ और मांगलिक कार्य रोक दिए जाते हैं।

कार्तिक मास (अक्टूबर-नवंबर) में देवउठनी एकादशी के दिन श्री हरि अपनी योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और सभी मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से वे अत्यंत प्रसन्न होते हैं और माँ लक्ष्मी की कृपा घर पर सदा बनी रहती है।

देवउठनी एकादशी 2026 तिथि और पारण समय

एकादशी तिथि प्रारंभ: 20 नवंबर 2026, सुबह 07:15 बजे
एकादशी तिथि समाप्त: 21 नवंबर 2026, सुबह 06:32 बजे

गृहस्थ लोगों के लिए 
एकादशी व्रत: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार
पारण: 21 नवंबर, दोपहर 1:11 बजे से 3:18 बजे तक

वैष्णव संप्रदाय के लिए
एकादशी व्रत: 21 नवंबर 2026, शनिवार
पारण: 22 नवंबर, सुबह 6:49 बजे से 8:56 बजे तक

 नोट: ऊपर दिए गए मुहूर्त नई दिल्ली के अनुसार हैं। आपके शहर के अनुसार कुछ मिनट का अंतर हो सकता है।

 

देवउठनी एकादशी पूजा विधि

1- ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें और स्वच्छ, पीले वस्त्र पहनें।

2- सूर्य देव को जल अर्पित करें।

3- हाथ में जल लेकर व्रत का संकल्प लें।

4- पूजा स्थान के पास भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाएं।

5- भगवान विष्णु और माँ लक्ष्मी की पूजा करें। उन्हें तुलसी दल, पीले फूल, पंचामृत, फल और मिठाई अर्पित करें। भोग में केला और आंवला ज़रूर शामिल करें।

6- सूर्यास्त के समय शंख और घंटी बजाकर "उठो देव, बैठो देव" गाते हुए भगवान को जगाएं।

7- "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" मंत्र का जाप करें और विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें।

8-  देवउठनी एकादशी की व्रत कथा पढ़ें या सुनें और आरती करें।

9- अगर आपके यहाँ एकादशी पर तुलसी विवाह की परंपरा है तो तुलसी विवाह की तैयारी करें। अगर आपके यहाँ तुलसी विवाह नहीं होता तो तुलसी जी के आगे दीपक ज़रूर लगाएं, उन्हें लाल चुनरी ओढ़ाएं। 

दीपदान का विशेष महत्व

देवउठनी एकादशी पर दीपदान का बहुत महत्व है। इस दिन घी के दीपक इन स्थानों पर जलाएं:

- रसोई में
- पूजा स्थान पर
- तुलसी के पौधे के पास
- आंवले के पेड़ के पास और शिवलिंग के समीप (अगर संभव हो)

देवउठनी एकादशी पर क्या करें:

- व्रत रखें, अपनी क्षमता के अनुसार निर्जला या फलाहार
- भजन-कीर्तन करें
- अन्न, वस्त्र और धन का दान करें, और गौ सेवा करें

देवउठनी एकादशी पर क्या न करें:

- अन्न, खासकर चावल, न खाएं
- प्याज, लहसुन, मांस और मदिरा से दूर रहें
- एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते न तोड़ें
- क्रोध, झूठ और कटु वचन से बचें

देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह

मान्यता है कि योगनिद्रा से जागने के बाद भगवान विष्णु सबसे पहले वृंदा (तुलसी जी) के दर्शन करते हैं, इसलिए इस समय तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। 

निष्कर्ष

देवउठनी एकादशी नई शुरुआत का पर्व है। श्री हरि के जागने के साथ ही घरों में शहनाई बजने लगती है और शुभ कार्यों का शुभारंभ होता है। इस पावन दिन श्रद्धा से व्रत, पूजा और दीपदान करें, और भगवान विष्णु और माँ लक्ष्मी का आशीर्वाद पाएं।

जय श्री हरि! 

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न!

1. क्या देवउठनी एकादशी का व्रत बीच में छोड़ा जा सकता है?

मान्यता है कि संकल्प लेकर व्रत बीच में नहीं तोड़ना चाहिए। अगर स्वास्थ्य के कारण निर्जला व्रत संभव न हो, तो फल, दूध या जल लेकर फलाहारी व्रत रख सकते हैं। बीमार, बुज़ुर्ग और गर्भवती महिलाएं अपनी क्षमता के अनुसार ही व्रत रखें।

2. व्रत का पारण कैसे करें?

पारण द्वादशी तिथि पर तय समय के भीतर ही करें। स्नान के बाद भगवान विष्णु की पूजा करें, किसी ब्राह्मण या ज़रूरतमंद को भोजन या दान दें, फिर तुलसी दल डालकर सात्विक भोजन से व्रत खोलें। हरि वासर (द्वादशी का पहला चौथाई भाग) में पारण न करें।

3. देवउठनी एकादशी के बाद कौन-कौन से शुभ कार्य शुरू होते हैं?

चातुर्मास खत्म होते ही विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, मुंडन, नामकरण और नए व्यापार की शुरुआत जैसे सभी मांगलिक कार्य फिर से किए जा सकते हैं। शुभ तारीख के लिए पंचांग या पंडित जी से मुहूर्त ज़रूर देख लें।

4. अगर व्रत न रख पाएं तो पुण्य कैसे पाएं?

व्रत न रख पाने पर भी इस दिन चावल न खाएं, भगवान विष्णु की पूजा करें, "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" का जाप करें, तुलसी के पास दीपक जलाएं और दान करें। मान्यता है कि श्रद्धा से की गई पूजा भी श्री हरि को प्रसन्न करती है।

 

रेगुलर अपडेट के लिए हमें फॉलो करें ~ Instagram, Facebook, YouTube

astrodevam-whatsapp

 

देवउठनी एकादशी 2026: तिथि, पारण समय, पूजा विधि और महत्व | Dev

WA button WA button